Homeराज्यJamshedpur Newsकोविड प्रोटोकॉल के साथ मनाया गया 75वां स्वतंत्रता दिवस, गोपाल मैदान में...

कोविड प्रोटोकॉल के साथ मनाया गया 75वां स्वतंत्रता दिवस, गोपाल मैदान में आयोजित हुआ जिला स्तरीय मुख्य समारोह, मंत्री बन्ना गुप्ता ने किया झंडोतोलन

जमशेदपुर : 75 वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज गोपाल मैदान बिष्टुपुर में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जिन्होंने परेड का निरीक्षण व झंडोतोलन कर तिरंगे को सलामी दी। परेड में जैप, जिला पुलिस बल(महिला/पुरुष), होम गार्ड, एनसीसी की टुकड़ी शामिल हुई।

मंत्री ने समस्त जिलेवासियों व राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां भारती के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को शत शत नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त भारत के लोकतंत्र तथा हर भारतीय के लिए काफी महत्वपूर्ण दिन है। आजादी की लड़ाई में ना जाने हमारे कितने सूफियों, संतों, महापुरुषों, देशभक्तों ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा है, सीने पर गोलियां खाई है और मां भारती के चरणों में अपने प्राणों की आहुति दिया है। मां भारती को नमन करते हुए उन्होने कहा कि मां भारती की कोख में हमेशा से वीरों ने जन्म लिया है।

मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि आजादी की लड़ाई में झारखंड के वीर महापुरुषों ने भी अपने प्राणों को न्यौछावर किया है। झारखंड के वीरों ने भी अंग्रेजों से लोहा लिया तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व समर्पण किया। सभी लोगों ने इस देश के माटी के प्रति शहादत दिया है। कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में वर्तमान सरकार राज्य को विकास की दिशा दिखाने के लिए प्रतिबद्ध है। निश्चित रूप से हमें इस राज्य की समृद्धि और उन्नति के लिए काम करना है। जनता का, जनता के लिए, जनता के द्वारा शासन को सुनिश्चित करने का काम करना है। सरकार पारदर्शी तरीके से काम कर रही है, हम अपनी कमियों को छुपायेंगे नहीं। रात में भी बहन-बेटियां बाहर निकलने में सुरक्षित महसूस करें हम ऐसा राज्य बनाएंगे, जहां कानून का इकबाल रहेगा। समाज व राज्य में उन्नति, प्रगति और समृद्धि हो हम ऐसी कामना करते हैं। हम लोकतंत्र में विश्वास करने वाले लोग हैं, लोक चलता है नीति और नैतिकता के आधार पर और तंत्र व्यवस्था मजबूती से चलाई जाती है। संविधान में निहित शक्तियों का सदुपयोग करते हुए न्याय और नीति को कायम करके लोकतंत्र को मजबूत करेंगे।

इस मौके पर मंत्री बन्ना गुप्ता ने नशा मुक्ति की शपथ को मंच से पढ़ा जिसे मैदान में मौजूद लोगों ने दोहराया व नशा मुक्त समाज की शपथ ली। मंत्री ने कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य के लिए चिकित्सकों, नर्स, सफाईकर्मी, पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर भी सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने सिविल सर्जन डॉ ए.के लाल, एसीएमओ डॉ साहिर पाल, एपिडेमोलॉजिस्ट डॉ असद, एलआरडीसी श्री रविन्द्र गागराई, कार्यपालक दण्डाधिकारी सह इंसिडेंट कमांडर श्रीमती सविता टोपनो एवं श्री चन्द्रदेव प्रसाद, ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री मनीष कुमार तथा पुलिस के पदाधिकारी व जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही 16 उत्कृष्ट पशुपालकों को भी इस मौके पर सम्मानित किया गया। मंत्री ने उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी व वरीय पुलिस अधीक्षक को उनके कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

Share This News

Most Popular

RELATED ARTICLES