मिरर मीडिया : उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का सोमवार क़ो दोपहर 2 बजे नरौरा के गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। आपको बता दें कि उनका पार्थिव शरीर आज अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम से उनके पैतृक गांव मढ़ौली पहुंचेगा। इसके बाद मढ़ौली से दोपहर दो बजे नरौरा के लिए वह अंतिम सफर पर निकलेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उमा भारती, गृह मंत्री अमित शाह , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह समेत बीजेपी के कई दिगग्ज नेता उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
इधर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन के शोक में पूरे उत्तरप्रदेश में आज सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। आज सार्वजनिक अवकाश के चलते पूरे राज्य में स्कूल और दफ्तर बंद रहेंगे। इस बाबत शनिवार को ही पूरे राज्य में दो दिन के राजकीय शोक और एक दिन के सार्वजनिक अवकाश का ऐलान कर दिया गया था।
गौरतलब है कि शनिवार रात सवा नौ बजे 89 साल की उम्र में यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का निधन हो गया था। लंबे समय से बीमारी की वजह से वह लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में भर्ती थे।