अब सफर होगा और भी आसान! राष्ट्रपति मुर्मू अपने गृह क्षेत्र से देंगी नई ट्रेन की सौगात, रोजाना दौड़ेगी पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: झारखंड और ओडिशा के रेल यात्रियों के लिए एक बेहद सुखद खबर सामने आई है। बहुप्रतीक्षित पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस के संचालन को रेलवे बोर्ड ने आखिरकार औपचारिक मंजूरी दे दी है। सबसे खास बात यह है कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू खुद अपने गृह क्षेत्र बादामपहाड़ से 28 अक्टूबर को इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ करेंगी। इस हाई-प्रोफाइल सौगात को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। राष्ट्रपति के गृह क्षेत्र स्थित रायरंगपुर रेलवे स्टेशन पर भी इस अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा।

इन इलाकों के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
​चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन संख्या 18411/18412 के शुरू होने से टाटानगर, चाईबासा, राजखरसावां, सीनी, डांगुवापोसी और आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा और सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा। झारखंड और ओडिशा के बीच व्यापारिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को इस ट्रेन के माध्यम से नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

आधुनिक LHB कोच और हर 6 दिन की जगह रोजाना संचालन
​शुरुआत में इस ट्रेन को सप्ताह में छह दिन चलाने की चर्चा थी, लेकिन यात्रियों की मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे प्रतिदिन संचालित करने की पुख्ता तैयारी की गई है। यह ट्रेन अत्याधुनिक एलएचबी कोचों से लैस होगी, जिससे यात्रियों का सफर और भी अधिक सुरक्षित और आरामदायक होगा। इस ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव पुरी में किया जाएगा।

प्रमुख स्टॉपेज और टाइमिंग
​यह ट्रेन अपने सफर के दौरान खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, कटक, केंदुझर, बांसपानी, डांगुवापोसी, चाईबासा, सीनी और टाटानगर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेगी, जिससे पर्यटकों, व्यापारियों और भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
​पुरी से बादामपहाड़ जाते समय: यह ट्रेन टाटानगर स्टेशन पर रात 11:30 बजे पहुंचेगी और 11:40 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
​बादामपहाड़ से पुरी लौटते समय: यह ट्रेन शाम 5:55 बजे टाटानगर आएगी और 6:05 बजे प्रस्थान करेगी।
​इस नई रेल सेवा के शुरू होने से जमशेदपुर और आसपास के निवासियों को ओडिशा के लिए एक और बेहतरीन सीधी ट्रेन की सुविधा मिल जाएगी।

Share This Article