असम में बाल-बाल बचे सैकड़ों यात्री: बेकाबू होकर पटरी से उतरी कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस, मची चीख-पुकार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: असम में गुवाहाटी के समीप डिगारू रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बच गया। मिजोरम के सैरांग से कोलकाता जा रही ट्रेन संख्या 13125 ‘कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस’ बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्टेशन के पास ट्रेन का लोकोमोटिव (इंजन) और 5 से 6 कोच अचानक पटरी से नीचे उतर गए। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है और एक बड़ा नुकसान टल गया।

कैसे हुआ हादसा?
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 6:54 से 7:00 बजे के बीच कामरूप जिले के डिगारू स्टेशन पर हुई। स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को रास्ता देने और उसे पहले रिसीव करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की रफ्तार पर समय रहते नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते संतुलन बिगड़ा और इंजन समेत बोगियां डिरेल हो गईं। हालांकि, हादसे के तकनीकी कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

मौके पर राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और उच्चाधिकारी तुरंत हरकत में आ गए। जनरल मैनेजर समेत वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। ट्रैक को साफ करने और बोगियों को हटाने के लिए तुरंत रिकवरी ट्रेन भेजी गई। फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरी वैकल्पिक ट्रेन के जरिए उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

Share This Article