कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान को लेकर पटना जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ पटना-गया रेलखंड की ट्रेनों में बढ़ गई है। जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर सोमवार को अप और डाउन लाइन की ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। कई ट्रेनों में स्थिति ऐसी रही कि यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिली। पटना में गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के अलावा स्थानीय लोग, दैनिक यात्री और व्यवसायी भी ट्रेनों से सफर कर रहे हैं।
सुबह से ही स्टेशन पर जुटने लगी श्रद्धालुओं की भीड़
सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ जुटने लगी थी। लोग हाथों में झोले और सामान लेकर पटना के विभिन्न स्टेशनों पर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। ट्रेन के आते ही यात्रियों के बीच चढ़ने और उतरने की आपाधापी दिखी। भीड़ के कारण स्टेशन परिसर में भी लोगों को संभलकर चलना पड़ रहा था।
पटना-गया सड़क मार्ग पर भी दिखा भीड़ का असर
ट्रेनों से यात्रियों के उतरते ही पटना-गया सड़क मार्ग पर भी भीड़ बढ़ जा रही थी। शहर से ग्रामीण इलाकों की ओर जाने के लिए बस और टेंपो में सवार होने को लेकर यात्रियों के बीच आपाधापी रही। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस भी लगातार भीड़ नियंत्रित करने में जुटी रही। ट्रेनों में अधिक भीड़ के कारण कुछ यात्रियों ने सड़क मार्ग से यात्रा करने का विकल्प भी चुना।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ अलर्ट, ट्रेनों में बढ़ी चौकसी
ट्रेनों में भीड़ को देखते हुए रेल पुलिस ने सुरक्षा और निगरानी तेज कर दी है। आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रदीप यादव खुद जवानों के साथ अप और डाउन लाइन की ट्रेनों पर नजर रख रहे हैं। यात्रियों के सामान की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस सतर्क है। भीड़ के बीच किसी यात्री को चोर-उचक्कों से परेशानी नहीं हो, इसके लिए निगरानी बढ़ाई गई है।
चलती ट्रेन में लटककर सफर करने से बचने की दी हिदायत
भारी भीड़ के कारण यात्रियों के ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान हादसे की आशंका बनी हुई है। आरपीएफ और जीआरपी के जवान स्टेशन परिसर में मुस्तैद हैं। जवान यात्रियों को ट्रेन के गेट और पायदान पर लटककर यात्रा नहीं करने की सलाह दे रहे हैं। सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने और उतरने के लिए यात्रियों को समझाया जा रहा है।
देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ रहने की संभावना
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए पटना जाने वाले यात्रियों की देर रात तक भारी भीड़ रहने की संभावना है। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। रेल पुलिस यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी कर रही है।

