डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया :कोलकाता के ऐतिहासिक चोरबागान सर्वजनिण दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार देर शाम मची भगदड़ ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में 17 लोगों की जान चली गई है, जबकि 15 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। इस हृदयविदारक घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपने पश्चिम बंगाल दौरे के सभी राजनीतिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
गृह मंत्री ने की मुख्यमंत्री से चर्चा, अस्पताल में बंधाएंगे ढांढस
कोलकाता पहुंचते ही इस बड़ी दुर्घटना की सूचना मिलते ही गृह मंत्री अमित शाह तुरंत हरकत में आए। उन्होंने हालात का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से टेलीफोन पर विस्तार से चर्चा की। प्रशासन की ओर से घायलों को त्वरित और बेहतर उपचार मुहैया कराया जा रहा है। अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर संवेदना व्यक्त करते हुए शाह ने लिखा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। संकट की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। निर्धारित कार्यक्रमों को स्थगित करने के बाद, वह अब सीधे अस्पताल जाकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे तथा उनका हाल जानेंगे।
उत्सव का माहौल मातम में बदला
शनिवार रात लगभग नौ बजे केंद्रीय गृह मंत्री का विमान कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरा था। उनका रविवार को बेलूर मठ समेत हावड़ा और कोलकाता के कई प्रमुख और भव्य दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा करने का विस्तृत कार्यक्रम तय था। हालांकि, चोरबागान पंडाल की इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना के बाद उत्सव का उल्लास पूरी तरह शोक में बदल गया और गृह मंत्री ने अपनी संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी पूर्व-निर्धारित कार्यक्रमों को तत्काल प्रभाव से टाल दिया।

