डिजिटल डेस्क।मिरर मीडिया: झारखंड में राशन कार्ड धारकों के लिए एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। अगर आप भी लंबे समय से राशन नहीं ले रहे हैं या फिर आपके दस्तावेजों में कोई गड़बड़ी है, तो यह झटका आपको भी लग सकता है। राज्य सरकार ने केंद्रीय निर्देशों का पालन करते हुए एक अक्टूबर से कुल 2,87,893 राशन कार्डों को इनएक्टिव करने की बड़ी तैयारी कर ली है।
क्यों हो रही है यह कार्रवाई?
खाद्य व सार्वजनिक वितरण विभाग ने इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए दो मुख्य वजहों पर डंडा चलाया है।
लगातार 6 महीने से राशन न उठाने वाले: ऐसे 1,77,751 कार्ड धारकों को चिह्नित किया गया है जिन्होंने पिछले छह महीनों से एक बार भी राशन नहीं लिया है।
डुप्लीकेट और फर्जी नाम: केंद्रीय रिपॉजिटरी के साथ मिलान के दौरान 1,10,142 डुप्लीकेट और फर्जी लाभार्थी पकड़े गए हैं।
राशन कार्ड धारकों के लिए राहत: सुधार का मौका
सरकार ने कार्ड धारकों को पूरी तरह से हटाने से पहले राहत और सुधार का एक मौका भी दिया है।
3 महीने का समय: जिन लोगों के कार्ड निष्क्रिय किए जा रहे हैं, उन्हें अगले 3 महीने के भीतर अपने संबंधित जन वितरण प्रणाली डीलर या प्रखंड कार्यालय से संपर्क करना होगा।
ई-केवाईसी कराना अनिवार्य: डीलर के पास जाकर ई-केवाईसी और आवश्यक सत्यापन कराना होगा।
बहाली की प्रक्रिया: सफल सत्यापन होने पर कार्ड को पुनः सक्रिय कर दिया जाएगा, अन्यथा आपका नाम हमेशा के लिए सूची से हटा दिया जाएगा।
किस जिले में सबसे ज्यादा असर?
इस अभियान के तहत सबसे अधिक पश्चिमी सिंहभूम जिले के 50,762 कार्ड निष्क्रिय होंगे। इसके अलावा चतरा में 25,216, गिरिडीह में 27,128, गोड्डा में 23,773 और राजधानी रांची में 37,241 कार्डों पर इसका सीधा प्रभाव पड़ेगा।

