जमशेदपुर में हाईवे पर सख्ती: पारडीह से बालिगुमा तक हटेगा अतिक्रमण, अवैध पार्किंग पर लगेगा भारी जुर्माना

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। समाहरणालय सभागार में जिला उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट हाईवे टास्क फोर्स की एक उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई। इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती अवैध पार्किंग, जाम और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में सीनियर एसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, धालभूम एसडीएम अर्नव मिश्रा समेत एनएचएआई और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

लिए गए कड़े फैसले
​पारडीह से बालिगुमा तक चलेगा विशेष अभियान: डिमना चौक, पारडीह, डांगा और बालिगुमा क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को जल्द हटाया जाएगा। एसडीएम धालभूम को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए गए हैं।
​71 जगहें अतिक्रमण मुक्त: एनएचएआई ने जानकारी दी कि धालभूमगढ़, घाटशिला और कोकपाड़ा इलाके में अब तक 71 अतिक्रमित स्थलों को खाली कराया जा चुका है।
​अतिक्रमणकारियों से होगी वसूली: प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कार्रवाई से पहले लाउडस्पीकर से चेतावनी दी जाएगी। अगर लोगों ने खुद कब्जा नहीं हटाया, तो प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई का पूरा खर्च अतिक्रमणकारियों से ही वसूला जाएगा। दोबारा कब्जा न हो इसके लिए नियमित गश्ती होगी।
​हाईवे पर धूल से राहत: सड़क पर उड़ने वाली धूल की समस्या से निजात पाने के लिए दिन में तीन बार पानी का छिड़काव अनिवार्य कर दिया गया है।
​स्पीड गन और साइनेज: तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम कसने के लिए चिन्हित 7 स्थानों पर जल्द ही स्पीड गन कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही, गति सीमा और ‘नो-पार्किंग’ के बड़े-बड़े बोर्ड (साइनेज) लगाए जाएंगे।
​दुर्घटनाओं पर त्वरित एक्शन: सड़क हादसों में घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए एनएचएआई और एंबुलेंस सेवा को निर्देश दिए गए हैं कि वे सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचें। फिलहाल हाईवे पर हर 32 किलोमीटर की दूरी पर एंबुलेंस तैनात रहती है।
​वे-साइड एमेनिटीज: यात्रियों की सुविधा के लिए कोकपाड़ा के पास वे-साइड एमेनिटीज का निर्माण किया गया है, और भविष्य में तीन और ऐसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है।
​प्रशासन की अपील: जिला प्रशासन ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि वे हाईवे पर गाड़ियां पार्क करने से बचें, नहीं तो भारी जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

Share This Article