डिजिटल डेस्क मजमशेदपुर:चांडिल बाजार बस स्टैंड के पास पूर्व आभूषण व्यवसायी उमंग चौधरी के घर हुई सनसनीखेज डकैती कांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए करीब 24 लाख रुपये मूल्य के लूटे गए सोने-चांदी के गहने और हीरे बरामद किए हैं। मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक दुसरू बानसिंह ने चांडिल एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस सफलता की पूरी जानकारी दी।
कूरियर बॉय ने रची थी साजिश
पुलिस के मुताबिक इस पूरी घटना का मास्टरमाइंड एक स्थानीय कूरियर बॉय राहुल कुमार महतो (पिता- मंटू महतो, निवासी- सुकसारी, चांडिल) निकला। राहुल घर-घर जाकर कूरियर पहुंचाने का काम करता था।
जेल में हुई थी साजिश: वर्ष 2022-23 के दौरान घाघीडीह सेंट्रल जेल में रहने के समय राहुल की मुलाकात कुख्यात डकैत मोहिउद्दीन अंसारी और सोबराती अंसारी से हुई थी।
तय किया था ठिकाना: जेल से बाहर आने के बाद राहुल ने ही उमंग चौधरी के घर की रेकी कर उसे डकैतों के लिए चिन्हित किया था और अपराधियों को बुलाकर इस बड़ी घटना को अंजाम दिलवाया था।
गौरतलब है कि इस कांड के मुख्य आरोपी मोहिउद्दीन अंसारी, गुलजार अंसारी, सद्दाम अंसारी, सोबराती अंसारी और शेख जमील को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर हजारीबाग जेल भेज चुकी है।
खरीदार भी गिरफ्तार, करोड़ों के जेवर गले मिले
एसआईटी की आगे की जांच और राहुल की निशानदेही पर पुलिस ने लूट के आभूषणों के खरीदार त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार (पिता- लखन लाल स्वर्णकार, निवासी- हारिना, बरोरा, धनबाद) को भी धर दबोचा।
त्रिवेणी प्रसाद की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में लूटा गया सामान बरामद किया है, जिसमें 5,142 ग्राम गला हुआ चांदी, 80 ग्राम गला हुआ सोना, 32 पीस ब्रिटिश कालीन चांदी के सिक्के, चांदी के दो स्वास्तिक और ब्रेसलेट में जड़े 11 पीस हीरे शामिल है। इसके अलावा 2 मोबाइल और घटना में प्रयुक्त एक हीरो होंडा बाइक भी जब्त की गई है। बरामद कुल सामानों की कीमत लगभग 24 लाख रुपये आंकी गई है।
छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली एसआईटी टीम में मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक दुसरू बानसिंह, प्रभारी नक्सल शाखा राजेश कुमार सिंह, यातायात थाना प्रभारी राजू, अंचल निरीक्षक चांडिल रवि कुमार सिंह और चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी समेत अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।

