डिजिटल डेस्क | जमशेदपुर :देश की प्रमुख इस्पात निर्माता कंपनी टाटा स्टील ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के अपने प्रोविजनल उत्पादन और डिलीवरी के शानदार आंकड़े जारी कर दिए हैं। मानसून के मौसम और बाजार की तमाम चुनौतियों को दरकिनार करते हुए कंपनी ने भारत में अपनी पकड़ को और मजबूत किया है। खास तौर पर जमशेदपुर और कलिंगानगर संयंत्रों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर कंपनी ने ग्रोथ के नए रिकॉर्ड बनाए हैं।
उत्पादन में शानदार बढ़त: 6.21 मिलियन टन पहुंचा क्रूड स्टील
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में टाटा स्टील इंडिया का कुल क्रूड स्टील (कच्चा इस्पात) उत्पादन 6.21 मिलियन टन दर्ज किया गया। यह आंकड़ा पिछली तिमाही की तुलना में 8% अधिक और पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 10% ज्यादा है। कंपनी की पहली छमाही (अप्रैल से सितंबर तक) की बात करें तो, कुल उत्पादन 10% की वृद्धि के साथ 11.97 मिलियन टन पर पहुंच गया है। उत्पादन में इस ऐतिहासिक तेजी के पीछे मुख्य वजह जमशेदपुर और कलिंगानगर प्लांट्स में क्षमता का विस्तार और अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल है।
घरेलू बाजार में जबरदस्त डिमांड, बिक्री में 15% का उछाल
दूसरी तिमाही के दौरान कंपनी की कुल डिलीवरी (बिक्री) 5.97 मिलियन टन रही, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 15% और सालाना आधार पर 7% अधिक है। पहली छमाही में भी कंपनी की कुल डिलीवरी 8% बढ़कर 11.14 मिलियन टन दर्ज की गई।
इन वर्टिकल और प्लांटों का रहा खास योगदान:
ऑटोमोटिव एंड स्पेशल प्रोडक्ट्स: इस वर्टिकल ने अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लगभग 1.1 मिलियन टन की डिलीवरी का ऐतिहासिक आंकड़ा पार किया है।
कलिंगानगर और जमशेदपुर का कमाल: कलिंगानगर में कंटीन्यूअस एनीलिंग एंड गैल्वनाइजिंग लाइन्स और जमशेदपुर मेंकॉम्बी मिल के क्षमता विस्तार से इस ग्रोथ को पंख लगे हैं।
ब्रांडेड प्रोडक्ट्स एंड रिटेल: इस श्रेणी की डिलीवरी में 15% का जबरदस्त उछाल आया और कुल बिक्री 5.97 मिलियन टन रही। टाटा टस्कॉन ने भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दोहराया है।
कंस्ट्रक्शन एंड सॉल्यूशंस: इस सेक्टर में 0.6 मिलियन टन की बिक्री हुई, जिसमें सालाना आधार पर 32% की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स: टाटा स्टील आशियां और डीजीसीए का कुल मर्चेंडाइज वैल्यू 2,860 करोड़ रुपये रहा।
अंतरराष्ट्रीय कारोबार की स्थिति
टाटा स्टील नीदरलैंड्स: दूसरी तिमाही में क्रूड स्टील का उत्पादन 1.32 मिलियन टन और डिलीवरी 1.28 मिलियन टन रही। अगस्त में ब्लास्ट फर्नेस के दोबारा शुरू होने से कामकाज में और सुधार आया है।
टाटा स्टील यूके: यूके में डिलीवरी 0.38 मिलियन टन रही। कंपनी ने लियानटर्न पिक्लिंग लाइन में उत्पादन को पूरी तरह से सुचारू कर लिया है।
टाटा स्टील थाईलैंड: बिक्री योग्य स्टील का उत्पादन 0.32 मिलियन टन और डिलीवरी 0.31 मिलियन टन दर्ज की गई। हालांकि, सितंबर में भारी बारिश के कारण बिक्री पर थोड़ा मामूली असर देखने को मिला।

