डिजिटल डेस्क।मिरर मीडिया : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पुरानी रंजिश के चलते कुछ दबंगों ने एक फूड प्रोडक्ट कंपनी के सेल्समैन को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपियों ने पहले युवक को कार से टक्कर मारी, फिर उसे गाड़ी की छत पर लिटाकर उसके हाथ खिड़कियों के शीशों में फंसा दिए और करीब डेढ़ किलोमीटर तक सड़क पर घसीटते रहे। अंत में उसे नीचे गिराकर गाड़ी उसके ऊपर चढ़ा दी गई
क्या है पूरा मामला
हनुमान विहार थाना क्षेत्र के रहने वाले 37 वर्षीय बीरू सिंह भदौरिया मंगलवार रात दशहरा मेला देखकर अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खाड़ेपुर नई बस्ती निवासी मेवालाल और राजवीर अपने कुछ साथियों के साथ कार लेकर वहां पहुंचे।
मृतक के परिजनों और पिता राम शंकर सिंह के मुताबिक, कुछ दिन पहले बीरू का आरोपियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, तभी से वे उससे रंजिश मान रहे थे। मंगलवार की रात सुनियोजित तरीके से आरोपियों ने बीरू को घेर लिया। पहले उनके साथ मारपीट की गई और जब वे अपनी जान बचाने के लिए भागे, तो आरोपियों ने उन्हें कार से टक्कर मारकर गिरा दिया।
रूह कंपा देने वाली सीसीटीवी फुटेज आया सामने
सनसनीखेज वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखने के बाद हर किसी की रूह कांप गई है। फुटेज और चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए बीरू को कार की छत पर लाद लिया और उनके दोनों हाथ खिड़कियों के शीशों में दबाकर लॉक कर दिए। इसके बाद राजेंद्र नगर स्थित अश्वनी ट्रेडिंग कंपनी के पास उन्हें नीचे फेंका और उनके ऊपर कार चढ़ा दी। गंभीर हालत में परिजनों द्वारा उन्हें पहले एक निजी अस्पताल और बाद में हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और क्षेत्र में आक्रोश
इस वीभत्स घटना के सामने आने के बाद से इलाके के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार मृतक के भाई कुलदीप सिंह की तहरीर पर हनुमान विहार थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई कार और उसमें सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। साथ ही, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बाकी फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

