गोविंदपुर में छापेमारी, अवैध कोयला जब्त
बाघमारा में CISF इकाई, BCCL धनबाद ने अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। क्षेत्र-03 गोविंदपुर में कोयरीडीह नंबर-05 बस्ती के पास ब्लॉक-04 OCP कोल डंप के समीप छापेमारी के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल और करीब 3.92 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। मामले में MMDR एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कतरास में भी अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई
क्षेत्र-04 कतरास के देवांती बस्ती और कांटा पहाड़ी के आसपास अवैध कोयला गतिविधियों को लेकर छापेमारी की गई। पूरे अभियान के दौरान 19 संवेदनशील स्थानों पर सघन तलाशी ली गई। CISF ने इन इलाकों में गश्त और एरिया डोमिनेशन के जरिए निगरानी भी बढ़ाई।
ड्रोन से संवेदनशील इलाकों पर नजर
क्षेत्र-01 बरोरा में 07 पैच माइंस व्यू प्वाइंट और दामोदा माइंस क्षेत्र का निरीक्षण कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। क्षेत्र-02 महूदा में इंटेक्स वेल के पास दो बड़े गोफ मिले। वहीं महूदा DAV स्कूल के पीछे मछियारा और मुरलीडीह के 05, 07 और 18 नंबर क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि या अवैध कोयला भंडारण नहीं मिला।
अवैध मुहानों को बंद कराने का अभियान तेज
कतरास के खास सिजुआ फुटबॉल ग्राउंड के पास तीन अवैध मुहानों में से एक की भराई कराई जा चुकी है, जबकि बाकी दो को बंद कराने की प्रक्रिया जारी है। नचितपुर के NOCP माइंस, वर्कशॉप, CHP, कोल डंप और TMC क्षेत्र सामान्य पाए गए तथा चिह्नित अवैध मुहाना बंद मिला।
पुटकी-बाघमारा में भी निगरानी और कार्रवाई
क्षेत्र-07 पुटकी में अधिकांश इलाके सामान्य मिले, हालांकि SNR वर्कशॉप के पास कार्य के कारण खुला एस्केप रूट पाइपलाइन मिला, जहां काम जारी है। क्षेत्र-BK-II बाघमारा में जमुनिया हाईवॉल से जुड़ी सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अभियान का उद्देश्य अवैध खनन और कोयला चोरी पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना है।

