सीएम के निर्देश पर शुरू हुआ रेस्क्यू
नेपाल में फ्लैश फ्लड के कारण काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के करीब 100 तीर्थयात्रियों को बिहार सरकार ने सुरक्षित बाहर निकाला। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर सीतामढ़ी प्रशासन ने नेपाल सीमा से सभी को सुरक्षित एस्कॉर्ट किया।
सीतामढ़ी में की गई व्यवस्था
28 अगस्त को श्रद्धालुओं को सीतामढ़ी लाकर उनके लिए भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई। इसके बाद 29 अगस्त की सुबह उन्हें पटना लाया गया।
पटना में ठहरने और इलाज की सुविधा
पटना जिला प्रशासन ने सभी तीर्थयात्रियों को ओपी साह सामुदायिक भवन में ठहराया। यहां भोजन, आवासन और चिकित्सा जांच समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
स्पेशल व्यवस्था से महाराष्ट्र रवाना
बिहार सरकार ने रेलवे बोर्ड के साथ समन्वय कर पटना-पूर्णा एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त बोगियां जुड़वाईं। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे सभी श्रद्धालुओं को ट्रेन से महाराष्ट्र के लिए रवाना किया गया।
श्रद्धालुओं ने जताया आभार
सुरक्षित घर वापसी पर तीर्थयात्रियों ने बिहार सरकार और सीतामढ़ी-पटना प्रशासन का धन्यवाद किया। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में दिखाई गई तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की।

