न्यूयॉर्क टाइम्स में छाई धनबाद की जानवी झाम्ब, दिल्ली मेट्रो पर रखे विचार

Reena Sharma
3 Min Read

धनबाद. झरिया चार नंबर और धनबाद के बैंक मोड़ निवासी रवि झाम्ब की पुत्री जानवी झाम्ब ने शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत जीवन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है. जानवी हाल ही में दुनिया के प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में शुमार द न्यूयॉर्क टाइम्स (The New York Times) में प्रकाशित दिल्ली मेट्रो पर केंद्रित एक विशेष लेख में फीचर हुई हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान में उनकी राय को जगह मिलना उनके परिवार, शिक्षकों और धनबाद के लिए गौरव का विषय है.

2 सितंबर 2026 को प्रकाशित द न्यूयॉर्क टाइम्स के लेख ‘How the Delhi Metro Became a Leading Transit System’ में दिल्ली मेट्रो के विकास, सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों के अनुभवों को प्रमुखता से सामने रखा गया है. जानवी ने दिल्ली मेट्रो की नियमित यात्री के तौर पर अपने अनुभव साझा किए हैं.

लेख में जानवी ने दिल्ली मेट्रो को यात्रा का कुशल और आसान माध्यम बताया. साथ ही उन्होंने इसकी लागत को लेकर भी अपनी राय रखी. उनका कहना था कि मेट्रो यात्रा का सबसे सुविधाजनक माध्यम है, लेकिन इसे और अधिक किफायती बनाया जाना चाहिए. उनके इस विचार को न्यूयॉर्क टाइम्स के लेख में स्थान मिला.

Advertisement

लेख में दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था का भी उल्लेख किया गया है. महिला यात्रियों के लिए आरक्षित कोचों में सुरक्षा कैमरों की व्यवस्था तथा पुरुषों को महिला कोच में प्रवेश से रोकने के लिए मार्शलों की तैनाती जैसी व्यवस्थाओं को भी रेखांकित किया गया है.

फॉरेंसिक स्टडीज की कर रहीं पढ़ाई

जानवी झाम्ब वर्तमान में गुजरात के गांधीनगर स्थित National Forensic Sciences University (NFSU) में LL.B. (Hons.) in Forensic Studies की पढ़ाई कर रही हैं. विश्वविद्यालय भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत है और फॉरेंसिक विज्ञान एवं उससे जुड़े अध्ययन के क्षेत्र में देश का प्रमुख संस्थान है.

जानवी ने अपनी स्कूली शिक्षा माउंट कार्मेल स्कूल, डिगवाडीह से पूरी की. वह वर्ष 2022 बैच की छात्रा रही हैं. स्कूली शिक्षा के बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की.

द न्यूयॉर्क टाइम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान के लेख में दिल्ली मेट्रो की नियमित यात्री के तौर पर जानवी के अनुभव और विचारों को स्थान मिलना उनके लिए खास उपलब्धि है. उनकी इस उपलब्धि से रवि झाम्ब के परिवार और धनबाद में उनके शुभचिंतकों के बीच खुशी का माहौल है.

छोटे शहर से निकलकर देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में अध्ययन करने और अंतरराष्ट्रीय मीडिया मंच पर अपनी बात रखने तक का जानवी का सफर युवा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है. उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि प्रतिभा और मेहनत को अवसर मिले तो स्थानीय स्तर की आवाज भी अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकती है.

Share This Article