बेढ़ना गांव में चार युवकों की मौत से मचा हड़कंप
पटना के बाढ़ अनुमंडल थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में कथित नॉनवेज पार्टी के दौरान जहरीला पेय पदार्थ पीने से चार युवकों की तबीयत बिगड़ने और बाद में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद कृषि मंत्री विजय सिन्हा मृतकों के परिजनों से मिलने गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
गांव से अपना भावनात्मक जुड़ाव बताया
मीडिया से बातचीत में विजय सिन्हा ने कहा कि बेढ़ना गांव से उनका भावनात्मक जुड़ाव है और उन्होंने इसी गांव के स्कूल से पढ़ाई की है। उन्होंने कहा कि इस तरह का माहौल और वातावरण ठीक नहीं है। मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी स्थिति की जानकारी ली।
जहरीले पेय की बात, रिपोर्ट से होगा खुलासा
विजय सिन्हा ने कहा कि लोगों की ओर से जहरीले पेय जैसे किसी पदार्थ के सेवन की बात सामने आई है। हालांकि, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चारों युवकों की मौत किस वजह से हुई।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
मंत्री ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रशासन जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा। अगर जहरीले पेय पदार्थ से मौत की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए बाढ़ के एसडीएम को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
अचानक बिगड़ी चारों की तबीयत
जानकारी के अनुसार, चारों युवकों की अचानक तबीयत बिगड़ गई और देखते ही देखते सभी बेहोश हो गए। इसके बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
पटना ले जाते समय हुई चारों की मौत
पटना ले जाने के दौरान इलाज के क्रम में चारों युवकों की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद लोगों ने बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन को जाम कर हंगामा किया और मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।
चारों परिवारों को आर्थिक सहायता का ऐलान
विजय सिन्हा ने कहा कि उन्होंने एसडीएम और डीएम से बात की है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चारों युवकों के परिवार हैं और मौत के बाद उन्हें मदद मिलनी चाहिए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाएगी और आगे की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि चारों दोस्त एनटीपीसी में काम करते थे।
अस्पताल की भूमिका की भी होगी जांच
मंत्री ने बताया कि उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव से भी बात की है। उन्होंने घटना के समय ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और मरीजों को रेफर किए जाने की प्रक्रिया की जानकारी मांगी है। विजय सिन्हा ने कहा कि अगर रास्ते में मौत हुई है तो इसकी भी जांच कराई जाएगी। उन्होंने साफ किया कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
शराब की पुष्टि हुई तो 4 लाख का मुआवजा
विजय सिन्हा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समय जहरीले पेय पदार्थ से मौत होने पर 4 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रावधान बताया गया था। अगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शराब की पुष्टि होती है तो मृतकों के परिवारों को यह मुआवजा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर शराब की पुष्टि नहीं भी होती है, तब भी परिवारों की मदद की जाएगी और इसके लिए मुख्यमंत्री से बात कर सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच का इंतजार है।

