बारिश बनी चोरों की ढाल
औरंगाबाद के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भरवार गांव में तेज बारिश के बीच चोर रात करीब 12 बजे एक घर में घुस गए। शोर से बचने के लिए उन्होंने आंगन में बंधे पालतू कुत्ते के मुंह पर टेप चिपका दिया।
ताले तोड़कर जेवर और नकदी उड़ाई
कुत्ते को शांत करने के बाद चोरों ने घर के तीन कमरों के ताले तोड़े। दो अलमारी और दो लोहे के ट्रंक खंगालकर करीब साढ़े तीन से चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
सुबह खुली चोरी की पोल
सुबह नींद खुलने पर घर के कमरों में सामान बिखरा देखकर परिवार को चोरी का पता चला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पीड़ित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

