जर्जर तार और पोल की समस्या से नाराजगी
निरसा के एग्यरकुंड दक्षिण पंचायत में बिजली व्यवस्था को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। नाराज ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के कर्मियों को पंचायत सचिवालय में घंटों तक बंधक बनाए रखा और जल्द समस्या दूर करने की मांग की।
कई वर्षों से बनी हुई है परेशानी
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के कई वार्डों में बिजली के तार लंबे समय से जर्जर हैं और कई जगह पोल भी नहीं लगे हैं। उनका कहना है कि इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अधिकारियों को कई बार सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
अधिकारी के आश्वासन पर कर्मी मुक्त
घटना की जानकारी मिलने पर ASK भेंचर के महाप्रबंधक सुशोभन गोस्वामी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विद्युत कर्मियों को फटकार लगाते हुए ग्रामीणों को जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने कर्मियों को मुक्त कर दिया।
समाधान नहीं हुआ तो घेराव की चेतावनी
पंचायत के मुखिया अजय राम ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। उन्होंने कहा कि यदि जल्द बिजली की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण विद्युत विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे। ग्रामीणों ने भी समस्या दूर होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।

