मां ने लगाई फटकार बॉयफ्रेंड से बात करने पर
गोरखपुर में रविवार को 9वीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा मां की डांट से नाराज होकर करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। छात्रा लगभग तीन घंटे तक टंकी पर पैर लटकाकर बैठी रही। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन वह नीचे आने के लिए तैयार नहीं हुई। मामला एम्स थाना क्षेत्र की महादेव झारखंडी कॉलोनी का है।
तीन घंटे तक टंकी पर बैठी रही छात्रा
शिवपुर आवास विकास कॉलोनी की रहने वाली छात्रा रोजाना अपने बॉयफ्रेंड से फोन पर बात करती थी। रविवार को मां ने उसे लड़के से बात करने से मना किया और डांट दिया। इससे नाराज होकर छात्रा पानी की टंकी पर चढ़ गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
महिला दारोगा ने खुद संभाला मोर्चा
पुलिसकर्मियों ने छात्रा को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी देर तक बातचीत की, लेकिन वह नहीं मानी। स्थिति को देखते हुए एम्स थाने में तैनात महिला दारोगा जागृति खरवार खुद आगे बढ़ीं। वह छात्रा से लगातार बातचीत करते हुए टंकी के ऊपर पहुंचीं और उसका भरोसा जीतने की कोशिश की। मौका मिलते ही उन्होंने पीछे से छात्रा को पकड़ लिया, ताकि वह छलांग न लगा सके।
छलांग लगाते ही 20 मिनट तक हवा में लटकी रही
दारोगा के पकड़ते ही छात्रा ने नीचे छलांग लगा दी। जागृति खरवार ने उसका हाथ और कपड़ा मजबूती से पकड़ लिया, जिससे छात्रा करीब 20 मिनट तक हवा में लटकी रही। महिला दारोगा ने इस दौरान अपनी पकड़ नहीं छोड़ी। ऊपर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने भी तुरंत छात्रा को सुरक्षित खींचने की कोशिश शुरू कर दी।
बहादुरी और सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने छात्रा को ऊपर खींच लिया और सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित नीचे उतारा। महिला दारोगा जागृति खरवार की बहादुरी, सूझबूझ और समय पर उठाए गए जोखिम से बड़ा हादसा टल गया। करीब 100 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाने के बावजूद छात्रा को पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित बचा लिया।

