डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रशासनिक कसावट लाते हुए नौकरशाही में बड़ा फेरबदल किया है। इस ताजा प्रशासनिक कार्रवाई के तहत कई वरिष्ठ आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया है। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल की सबसे खास बात यह रही कि इसमें दो प्रमुख मंडलों—वाराणसी और कानपुर के कमिश्नरों की आपस में अदला-बदली की गई है, साथ ही कई जिलों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है।
कमिश्नरों की अदला-बदली
कानपुर के मंडलायुक्त रहे के. विजयेन्द्र पांडियन को अब वाराणसी का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं, वाराणसी के कमिश्नर रहे एस. राजलिंगम को उनकी जगह कानपुर का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।
इन बड़े अधिकारियों को मिली नई कमान
रविकुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्थानीय आयुक्त और आयुक्त एनसीआर के पद से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी और आयुक्त व निदेशक, उद्योग, हथकरघा व वस्त्रोद्योग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्थानीय आयुक्त और आयुक्त एनसीआर के पद पर नई तैनाती दी गई है। श्रम आयुक्त सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही उन्हें उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल व अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।
इन जिलों को मिले नए जिला अधिकारी
सरकार ने कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को गति देने के लिए कई जिलों के जिलाधिकारियों के भी तबादले किए हैं।
चंदौली: भदोही के जिलाधिकारी शैलेश कुमार को चंदौली का नया डीएम बनाया गया है।
भदोही: अपर आयुक्त व अपर निबंधक अनिल कुमार सिंह को भदोही का नया जिलाधिकारी और भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
गोंडा: राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात रमेश रंजन को गोंडा का नया जिला मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
जौनपुर: प्रतीक्षारत/स्थानांतरणाधीन उमेश मिश्रा को जौनपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
श्रावस्ती: विशेष सचिव, नागरिक सुरक्षा एवं राजनैतिक पेंशन के पद पर तैनात मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया डीएम नियुक्त किया गया है।
शामली: ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई जिम्मेदारियां
चंदौली के डीएम चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है।
गोंडा की डीएम प्रियंका निरंजन और श्रावस्ती की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को शासन स्तर पर विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जौनपुर के डीएम सैमुअल पॉल एन को अपर आयुक्त अपर निबंधक (बकिंग), सहकारी समितियां बनाया गया है।शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी व इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग की कमान सौंपी गई है।
इसके अलावा राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों में एटाप के उपजिलाधिकारी रेणुका को शामली का एसडीएम बनाया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के उपसचिव डॉ. विश्व भूषण मिश्रा को संयुक्त निदेशक, स्थानीय निकाय निदेशालय और आगरा के उपजिलाधिकारी अभिनव पाठक को प्रयागराज मेला प्राधिकरण का विशेष कार्याधिकारी (प्रयागराज विकास प्राधिकरण) नियुक्त किया गया है।

