विसर्जन को लेकर पलामू पुलिस हाई अलर्ट, एसपी का सख्त फरमान, ड्यूटी छोड़ने पर मनाही

Reena Sharma
2 Min Read

पलामू! दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पलामू पुलिस अलर्ट है। एसपी कपिल चौधरी ने निर्देश दिया है कि कोई भी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान अपना निर्धारित पोस्ट नहीं छोड़ेगा। शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक जवान पंडालों में तैनात रहेंगे।

पंडालों में सुरक्षा के कड़े निर्देश

एसपी ने पुलिसकर्मियों को लड़ाई-झगड़े और अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए सतर्क रहने को कहा है। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित थाना को देने और वायरलेस पर सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।

जाम रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस अलर्ट

शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। जवान निर्धारित क्षेत्रों में गश्त करेंगे और जरूरत पड़ने पर हेलमेट का इस्तेमाल करेंगे।

50 जवानों को दिए गए शोल्डर ब्लिंकर

एसपी कपिल चौधरी ने 50 पुलिसकर्मियों को शोल्डर ब्लिंकर दिए, जिससे ड्यूटी के दौरान उनकी पहचान और दृश्यता बेहतर हो सके। पुलिसकर्मियों के लिए दो दिनों तक शहर थाना में भोजन की व्यवस्था भी की गई है।

शांतिपूर्ण विसर्जन पर मिलेगा चार दिन का अवकाश

एसपी ने घोषणा की कि विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के बाद सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को चार दिन का पीएल (प्रिविलेज लीव) दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य त्योहार के अंतिम चरण तक शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखना है।

Share This Article