डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: जिले के नीमडीह प्रखंड स्थित जुगीलोंग गांव में अवैध महुआ शराब के कारोबार ने पर्यावरण और जनजीवन के सामने एक गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। गांव में धड़ल्ले से चल रही अवैध शराब की भट्ठियों के कारण न सिर्फ स्थानीय जलस्रोत प्रदूषित हो रहे हैं, बल्कि बेजुबान मवेशियों के लिए भी पानी का संकट गहराता जा रहा है।
कुटीर उद्योग की तरह चल रहा अवैध कारोबार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जुगीलोंग गांव में इन दिनों अवैध महुआ शराब बनाने का धंधा किसी कुटीर उद्योग की तरह फैल चुका है। गांव के अलग-अलग हिस्सों में दर्जनों अवैध भट्ठियां चलाई जा रही हैं, जहां हर रोज हजारों लीटर महुआ शराब तैयार की जाती है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि शराब बनाने के बाद बचने वाले जहरीले अवशेष और केमिकल युक्त कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने के बजाय उसे सीधे गांव के तालाब और उसके आसपास बहाया जा रहा है।
तालाब बना कचरा घर, मवेशियों की सेहत पर खतरा
लगातार फेंके जा रहे इन अपशिष्ट पदार्थों की वजह से गांव का ऐतिहासिक तालाब धीरे-धीरे कचरे का कुंड बनता जा रहा है। इसका पानी इतना दूषित हो चुका है कि अब वह इस्तेमाल के लायक नहीं बचा है। हालात यह हैं कि गांव के मवेशी, जो इसी तालाब पर अपनी प्यास बुझाते थे, उनके लिए भी पानी पीना दूषित हो गया है। ग्रामीणों में इस बात का डर सता रहा है कि अगर समय रहते स्थिति नहीं सुधरी, तो दूषित पानी पीने से मवेशियों की सेहत बिगड़ सकती है और कोई बड़ी बीमारी फैल सकती है।
प्रशासन की चुप्पी पर ग्रामीणों का आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में दिन-रात धड़ल्ले से अवैध शराब का खेल चल रहा है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों ने मद्य निषेध व उत्पाद विभाग के कुछ अधिकारियों पर इस अवैध कारोबार को परोक्ष रूप से संरक्षण देने के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल प्रभाव से विशेष छापेमारी अभियान चलाने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और तालाब के जीर्णोद्धार की मांग की है।
उत्पाद विभाग की सफाई
पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मद्य निषेध व उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर मो. गुरफान ने कहा है कि क्षेत्र में चल रहे अवैध महुआ शराब के इस काले कारोबार पर नकेल कसने के लिए जल्द ही बड़े स्तर पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जाएगी।

