सस्ते में बाइक बेचकर खरीदते थे महंगे फोन: गुड़ाबांधा में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 3 दबोचे गए

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : महंगे स्मार्टफोन्स का शौक पूरा करने के लिए बाइक चोरी के रास्ते पर उतरे तीन युवाओं को पूर्वी सिंहभूम की गुड़ाबांधा थाना पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से चोरी की 17 मोटरसाइकिलें और महंगे मोबाइल जब्त किए हैं।

ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गुड़ाबांधा के ज्वालकांटा स्थित मिलनवीथी हाईस्कूल के पास चोरी की बाइकों के साथ कुछ संदिग्धों के जुटने की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी कर तीन युवकों—प्रभाष महली, जयप्रकाश महली उर्फ प्रकाश और सचिन महली को हिरासत में लिया।

सस्ते में बेचते थे बाइक, शौक के लिए बने अपराधी
कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे जमशेदपुर शहर से लेकर दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में बाइक चोरी का नेटवर्क चलाते थे। चोरी की बाइकों को वे औने-पौने दामों में बेचकर मोटी रकम जुटाते थे, जिसका इस्तेमाल महंगे स्मार्टफोन खरीदने में किया जाता था।

गिरोह के बाकी सदस्यों पर कसता शिकंजा

अपराधिक रिकॉर्ड: पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार तीनों युवकों का पहले से कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं था।

सघन छापेमारी: पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की बाइक खरीदने वालों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

मामलों का मिलान: बरामद 17 मोटरसाइकिलों के चेसिस व इंजन नंबर के जरिए शहर के विभिन्न थानों में दर्ज एफआईआर से इनका मिलान किया जा रहा है।

Share This Article