हजारीबाग में पत्नी ने ही रची CCL कर्मी की हत्या की साजिश! प्रेमी संग गिरफ्तार, 24 घंटे में खुलासा

Reena Sharma
2 Min Read

झारखंड के हजारीबाग के गिद्दी में CCL कर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश मृतक की पत्नी सोनाली कुमारी ने अपने कथित प्रेमी और एक नाबालिग सहयोगी के साथ मिलकर रची थी।

घर में धारदार हथियार से की गई हत्या

18 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे गिद्दी ए मेन गेट के पास स्थित घर में मंगलेश पाल की हत्या की सूचना पुलिस को मिली। शुरुआत में मामला लूटपाट के दौरान हत्या का लग रहा था। इसके बाद बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई।

लूटपाट दिखाने के लिए रची कहानी

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद सोनाली के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए गए, ताकि वारदात लूटपाट जैसी लगे। खून साफ कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी की गई। जांच में पत्नी पर संदेह होने के बाद पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस ने साजिश का खुलासा होने का दावा किया।

नौकरी और शादी के लिए हत्या की साजिश का आरोप

पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे पति की CCL नौकरी हासिल करने और कथित प्रेमी से शादी करने की मंशा सामने आई है। मामले में मृतक की बहन की शिकायत पर गिद्दी थाना कांड संख्या 35/2026 दर्ज किया गया है।

पत्नी और कथित प्रेमी गिरफ्तार

पुलिस ने सोनाली कुमारी उर्फ नीतू (23) और उसके कथित प्रेमी कौशिक कुमार नौनिया (23) को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।

FSL और तकनीकी जांच से जुटाए साक्ष्य

मामले की जांच में FSL, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड की कड़ियां जोड़ी गईं। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

Share This Article