112 या 0657-2431028: ड्रग्स की सूचना दें, आपकी पहचान रहेगी गुप्त, डीसी ने किया सख्त एक्शन प्लान तैयार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स समन्वय समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा व जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री व सेवन को रोकने के लिए चल रहे विभिन्न अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि सभी निजी व सरकारी विद्यालयों के 100 मीटर की परिधि में यह सुनिश्चित करें कि नशापान की वस्तुओं की बिक्री नहीं हो। उन्होने अभियान चलाते हुए स्कूली बच्चों को जागरूक करने और ठेला-गुमटी में सिगरेट या अन्य नशापान के वस्तुओं की बिक्री को हतोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि नशे के कारोबार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई और युवाओं को इसके दुसप्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाये।

बैठक में सभी स्कूल व कॉलेज परिसरों के आसपास विशेष निगरानी रखने की बात कही गई। ताकि छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके। वरीय पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इंटेलिजेंस को मजबूत करें और नशा कारोबारियों को विरूद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें, कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति नहीं हो, पूरे नेटवर्क को खंगाले, ड्रग पेडलर के पूरे चेन के तह तक जाएं।

बैठक में पुलिस, उत्पाद, ड्रग्स इंस्पेक्टर व अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अभिभावकों और युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने की बात कही गई। साथ ही जनसाधारण से अपील किया गया कि ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन, परिवहन की सूचना टोल फ्री नंबर 112 व पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0657-2431028 पर जरूर दें। बैठक में जिला के वरीय पदाधिकारियों के अलावे शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, नगर निकायों के पदाधिकारी समेत ड्रग इंस्पेक्टर व अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article