धनबाद : शहर के भवनकारा गौशाला, मटकुरिया में 11वां श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव का भव्य आयोजन 15 मार्च, रविवार को किया जाएगा। इसको लेकर आज भूमि पूजन कर बाबा श्याम को आमंत्रित करने का आह्वान किया गया।
महोत्सव के अवसर पर 15 मार्च को सुबह 8 बजे पुराना बाजार स्थित श्याम मंदिर से भव्य निशान शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में विभिन्न प्रकार की आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। शोभायात्रा श्याम मंदिर से निकलकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए भवनकारा गौशाला तक पहुंचेगी, जहां बाबा श्याम को निशान अर्पित किया जाएगा।
इसके बाद रात्रि 8 बजे से बाबा श्याम का भव्य संकीर्तन प्रारंभ होगा। इस संकीर्तन में मुंबई, चंडीगढ़ और धनबाद से आए कलाकारों द्वारा बाबा श्याम को मधुर भजनों के माध्यम से रिझाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बाबा को विभिन्न प्रकार के भोग भी अर्पित किए जाएंगे।
महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने धनबाद की समस्त जनता से अपील की है कि वे इस भव्य धार्मिक उत्सव में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें और पुण्य के भागी बनें।
आज आयोजित प्रेस वार्ता में अध्यक्ष किशन अग्रवाल, सचिव घनश्याम नारनोली, गोपाल अग्रवाल, अजय कुमार गर्ग, जितेंद्र अग्रवाल, वरुण चौहान, संजय गर्ग, मनोज हेलिवाल, विशाल छाबड़ा, चंदन अग्रवाल के साथ पुरोहित उदय तिवारी उपस्थित थे।

