डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया:लोहरदगा: स्कूल में मध्याह्न भोजन खाने के बाद 16 बच्चे हुए बीमार: लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कुंदो में शुक्रवार को फूड प्वाइजनिंग से 16 बच्चे बीमार हो गए।
जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भंडरा पहुंचाया गया। जहां इलाज के बाद सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए गए हैं।
अंडा खाने के बाद बच्चों की बिगड़ी तबीयत
वहीं,अभिभावकों ने बताया कि शुक्रवार को विद्यालय में बच्चों को उबला हुआ अंडा दिया गया था। इसे खाने के बाद सभी बच्चे उल्टी करने लगे। बाद में विद्यालय प्रबंधक ने बच्चों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक में 143 बच्चे नामांकित हैं। शुक्रवार को 126 विद्यार्थियों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार किया गया था। अंडा खाने के बाद जब कुछ बच्चों की स्थिति बिगड़ गई तो अन्य बच्चों ने मध्याह्न भोजन नहीं खाया।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पहुंचे स्वास्थ्य केंद्र
इधर, बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलते ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जयनाथ महतो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने बच्चों तथा शिक्षकों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुंदो में अंडा खाने से बच्चों की सेहत बिगड़ी है।
पीड़ित बच्चों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। मामला गंभीर है, इसकी जांच कराई जाएगी। फिलहाल विद्यालय में जो भी अंडा बचा हुआ है उसे जब्त कर लिया गया है।
वहीं,विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुषमा होरो ने कहा कि भंडरा प्रखंड कार्यालय में बैठक होने के कारण वह स्कूल में नहीं थीं। अंडा खाने से बच्चों की सेहत बिगड़ने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि भंडरा प्रखंड मुख्यालय से अंडा खरीदकर लाया गया था।
यहां पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।