धनबाद | पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के धनबाद मंडल अंतर्गत रेल सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या–03 से लावारिस हालत में 21 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है।
लावारिस अवस्था में पड़े मिले बैग
रेल सुरक्षा बल से मिली जानकारी के अनुसार 11–12 फरवरी 2026 की रात वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर गठित टास्क टीम स्टेशन परिसर में गश्त और आपराधिक निगरानी कर रही थी। इसी दौरान गाड़ी संख्या 12321 अप हावड़ा–मुंबई मेल एक्सप्रेस के आगमन समय प्लेटफॉर्म संख्या–03 के कालका छोर पर तीन बैग लावारिस अवस्था में पड़े मिले।
बोतल पर For Sale in Jharkhand” अंकित
जांच के दौरान तीनों बैग खोले गए, जिनसे रॉयल स्टैग प्रीमियर व्हिस्की की कुल 21 बोतलें बरामद की गईं। इनमें लाल-काले रंग के बैग से 7 बोतल, ब्लू-ग्रे रंग के बैग से 7 बोतल और ब्लू-आसमानी रंग के बैग से 7 बोतल शराब पाई गई। सभी बोतलें 750 एमएल की थीं और उन पर “For Sale in Jharkhand” अंकित था।
अनुमानित कीमत 15,540 रुपये
बरामद अंग्रेजी शराब की कुल मात्रा 15,750 एमएल बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 15,540 रुपये आंकी गई है। मौके पर समय 03:35 बजे जब्ती सूची बनाकर शराब को जब्त किया गया। स्वतंत्र गवाह बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन यात्रियों के इंकार करने पर मौके पर मौजूद रेल सुरक्षा बल कर्मियों को गवाह बनाया गया।
उत्पाद विभाग को सौंपने की प्रक्रिया
जब्त की गई शराब को बाद में RPF पोस्ट लाकर सुरक्षित रखा गया। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इसे उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। रेल सुरक्षा बल के अनुसार शराब अज्ञात व्यक्ति द्वारा लावारिस हालत में छोड़ी गई थी और मामले की जांच की जा रही है।

