जमशेदपुर। पोलियो उन्मूलन अभियान 37 झारखंड बटालियन ने संभाला जमशेदपुर। 1 मार्च 2022 झारखंड ने पोलियो उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 27 फरवरी से प्रारंभ होकर आज 1 मार्च की शाम तक चलेगा जिसके तहत जन्म से 5 साल आयु तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाया जा रहे हैं। जमशेदपुर में यह अभियान एनसीसी का 37 झारखंड बटालियन द्वारा संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 37 बटालियन झारखंड के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संजय शांडिल की अगुवाई में चलाया जा रहा है जिसमें करीम सिटी कॉलेज, ग्रेजुएट कॉलेज, एलबीएसएम कॉलेज, एबीएम कॉलेज, जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज तथा जमशेदपुर महिला कॉलेज के एन सी सी यूनिट्स ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। इन सभी यूनिट्स के 44 कैडेट्स बिस्टुपुर, साकची, आदित्यपुर, रेलवे स्टेशन क्षेत्र, कदमा, मानगो तथा धातकीडीह इत्यादि क्षेत्रों में घर घर जाकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिला रहे हैं तथा पोलियो उन्मूलन अभियान के प्रति समाज में जागरूकता फैला रहे हैं। इस तीन दिनों के अभियान में दस हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य तय किया गया है। समाचार लिखते समय तक इस लक्ष्य में बहुत हद तक सफलता प्राप्त हो गई है। इस अवसर पर 37 बटालियन झारखंड के एनसीसी ऑफिसर कैप्टन (डॉ) फखरुद्दीन अहमद में बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर पोलियो उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है जिसमें हमारे एनसीसी कैडेट्स बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। हमारा प्रयास यह है कि हमारा शहर जमशेदपुर पोलियो जैसी खतरनाक बीमारी से हमेशा के लिए सुरक्षित हो जाए। इसके लिए आवश्यक है कि समाज पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक हो और इस बीमारी के बनने वाले कारणों पर आम आदमी की निगाह हो। इस अभियान को प्रारंभ करते समय कमांडिंग ऑफिसर संजय शांडिल तथा लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार ने सभी एनसीसी कैडेट्स का मनोबल उत्साह वर्धक शब्दों से बढ़ाया तथा इस महान सामाजिक कार्य के लिए बधाई दी।