रामगढ़,- खाता संख्या 92, ग्राम भदवा के 38 रैयतों को अंचल कार्यालय मांडू की ओर से भूमि विवाद को लेकर नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में उन्हें 12 जून 2025 तक अपने मूल भूमि संबंधित कागजात प्रस्तुत कर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।
नोटिस मिलने के बाद रैयतों में भारी चिंता का माहौल है। भदवा गांव के आज़ाद, मिर्ज़ा मोहम्मद, सिराज, अजय साव सहित कई रैयतों ने बताया कि इस खाता में लगभग एक हजार परिवार वर्षों से रह रहे हैं, लेकिन नोटिस सिर्फ 38 लोगों को ही दिया गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि वे 30-35 वर्षों से इस भूमि पर निवास कर रहे हैं, और कोर्ट के आदेशानुसार अचल संपत्ति की रसीद भी निर्गत की जा चुकी है। फिर भी कुछ चयनित लोगों को ही नोटिस दिया जाना उचित नहीं है।
रैयतों की मांगें:
प्रशासन निष्पक्ष जांच करे।
सभी रैयतों को समान अवसर मिले।
वैध दस्तावेज़ रखने वालों को संरक्षण प्रदान किया जाए।
रैयतों ने उपायुक्त से न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन क्या निर्णय लेता है और क्या ग्रामीणों को राहत मिलती है।