धनबाद, 13 अगस्त 2026। ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान के तहत 5 झारखंड बटालियन एनसीसी के कैडेटों ने गुरुवार को धनबाद शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना के लिए प्रेरित किया। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय गौरव, एकता और अनुशासन की भावना को मजबूत करना है।
कमान अधिकारी (कमांडिंग ऑफिसर) कर्नल अनिमेष झा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित रैली में सीनियर एवं जूनियर डिविजन के दर्जनों एनसीसी कैडेटों के साथ एसोसिएटेड एनसीसी अधिकारी (ANO), स्थायी अनुदेशक (PI) स्टाफ और गर्ल कैडेट इंस्ट्रक्टर ने भाग लिया। कैडेट हाथों में तिरंगा लेकर और देशभक्ति से जुड़े बैनर प्रदर्शित करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। इस दौरान उन्होंने देशभक्ति के नारों के माध्यम से आम लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
कैडेटों ने लोगों को 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक किया। रैली के दौरान नागरिकों को अभियान के डिजिटल पहलू की जानकारी भी दी गई। कैडेटों ने बताया कि लोग तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर डिजिटल सरकारी प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकते हैं। जागरूकता रैली के माध्यम से एनसीसी कैडेटों ने नागरिकों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव प्रदर्शित करने की अपील की।

