60 करोड़ की हेरोइन का नेटवर्क ध्वस्त, दिल्ली पुलिस ने 7 आरोपियों को दबोचा

Reena Sharma
2 Min Read

दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और झारखंड तक फैले ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। सात आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 8.128 किलो हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 60 करोड़ रुपये बताई गई है। जांच में लखनऊ में हेरोइन बनाने की फैक्ट्री और चतरा में अवैध अफीम की खेती का खुलासा हुआ है।

दिल्ली से शुरू हुई कार्रवाई

पुलिस ने 16 सितंबर को बेगमपुर इलाके में छापा मारकर लक्ष्मण हुड्डा को 300 ग्राम हेरोइन और नकदी के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद हरियाणा के सोनीपत से अनिल उर्फ भोला पकड़ा गया, जिसके पास से 501 ग्राम हेरोइन मिली।

लखनऊ में मिली हेरोइन फैक्ट्री

आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने लखनऊ के जानकीपुरम में छापा मारकर बबलू को गिरफ्तार किया। मौके से 6.275 किलो हेरोइन, रसायन और नशीला पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।

कच्चे माल के सप्लायर भी गिरफ्तार

जांच के दौरान बरेली से रुकसार अली उर्फ राजू और अजाज अहमद, जबकि बदायूं से मोहम्मद अजहर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी हेरोइन निर्माण के लिए कच्चा माल और नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े थे।

चतरा में अफीम की खेती का खुलासा

पुलिस ने 18 अक्टूबर को झारखंड के चतरा से प्रकाश कुमार को गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह अपनी जमीन पर अवैध अफीम की खेती करता था और नेटवर्क को कच्ची अफीम उपलब्ध कराता था। कार्रवाई में 12.81 लाख रुपये नकद, तीन एसयूवी, एक मोटरसाइकिल और निर्माण सामग्री भी जब्त की गई है। मामले की आगे जांच जारी है।

Share This Article