नई दिल्ली: भारत आज अपना 76वां गणतंत्र दिवस पूरे जोश और उल्लास के साथ मना रहा है। इस अवसर पर देशभर में जश्न का माहौल है। राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है, जहां ऐतिहासिक और सरकारी इमारतें तिरंगे के रंग में रंग चुकी हैं।
आज सुबह 9 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराया। गणतंत्र दिवस की भव्य परेड सुबह 10.30 बजे से शुरू होगी, जिसमें भारत की सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर लोकतंत्र, गरिमा और एकता की नींव रखी।” उन्होंने इस राष्ट्रीय उत्सव को एक सशक्त और समृद्ध भारत की दिशा में प्रेरणा बताया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गणतंत्र दिवस को ध्यान में रखते हुए दिल्ली में छह स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। कुल 70,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें से 15,000 जवान कर्तव्य पथ पर तैनात हैं। पुलिस और अर्धसैनिक बलों के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं।
पहली बार दिखेगी ‘प्रलय मिसाइल’ की ताकत
कर्तव्य पथ पर इस बार राफेल और सुखोई लड़ाकू विमानों की गर्जना के साथ पहली बार ‘प्रलय मिसाइल’ का प्रदर्शन किया जाएगा, जो भारत की रक्षा क्षमता में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू परेड की सलामी लेंगी।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति मुख्य अतिथि
इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
भारत के विभिन्न राज्यों की झांकियां भी परेड का आकर्षण होंगी, जो देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएंगी।
देश के कोने-कोने में उत्सव का माहौल
गणतंत्र दिवस को लेकर पूरे देश में उल्लास देखा जा रहा है। स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों में तिरंगा फहराया जा रहा है और देशभक्ति के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
— गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं!