​9 संगीन मामलों में वांटेड गैंगस्टर ट्रेन में चढ़ा, फिर आरपीएफ ने ऐसे बिछाया जाल

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : पंजाब के टॉप मोस्ट वांटेड अपराधियों में शुमार और कई गंभीर मामलों में फरार चल रहे एक कुख्यात बदमाश को पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन से धर दबोचा गया। आरोपी की पहचान तरण सिंह उर्फ तरुण कुमार उर्फ तन्नू सिंह के रूप में हुई है, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान और ठिकाने बदल रहा था।

असम भागने की फिराक में था आरोपी
जानकारी के मुताबिक, तरण सिंह पर पंजाब के अलग-अलग थानों में डकैती, अपहरण, लूट, संगठित अपराध, चोरी और झपटमारी जैसे संगीन मामलों में कुल नौ एफआईआर दर्ज हैं। साल 2023 से लेकर अब तक वह पुलिस की आंख में धूल झोंककर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा था। पंजाब में हाल ही में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद वह असम के गुवाहाटी भागने की योजना बना रहा था और इसके लिए उसने ट्रेन का सफर चुना था।

आरपीएफ और पंजाब पुलिस का साझा एक्शन
फरार बदमाश के राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा करने की पुख्ता सूचना पंजाब पुलिस ने न्यू जलपाईगुड़ी की रेलवे सुरक्षा बल को दी थी। इनपुट मिलते ही आरपीएफ हरकत में आ गई और ट्रेनों में ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
​जांच के दौरान टीम को पता चला कि आरोपी इसी ट्रेन में सवार है। जैसे ही ट्रेन बिहार के कटिहार को पार कर किशनगंज की ओर बढ़ी, आरपीएफ की टीम ने उसकी सटीक पहचान कर ली। ट्रेन के न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर रुकते ही सुरक्षाबलों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और धर दबोचा।

Advertisement

ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब रवाना
गिरफ्तारी के बाद तमाम जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गई। शुक्रवार को आरोपी को स्थानीय जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां से लुधियाना के सदर खन्ना थाने की पुलिस ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले लिया। एनजेपी आरपीएफ के प्रभारी मुकेश रजक ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और अपराधियों की धरपकड़ को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती है। पुख्ता सूचना मिलते ही टीम ने बिना समय गंवाए ऑपरेशन को अंजाम दिया और आरोपी को सुरक्षित तरीके से पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया।

Share This Article