इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले तमाम पार्टियां मतदाताओं को रिझाने के लिए अभी से तैयारियों में जुट गई हैं। कांग्रेस ने महिला मतदाताओं को रिझाने के लिए सैनिटरी पैड्स बांटने का कैंपेन शुरू किया है। इसके तहत कांग्रेस पूरे बिहार में 5 लाख सैनिटरी पैड्स बांट रही है। सैनिटरी पैड्स के पैकेट पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की फोटो छपी है। इस बीच एक वायरल वीडियो को लेकर देश का सियासी पारा चढ़ा हुआ है।

वीडियो में राहुल गांधी की तस्वीर को सेनेटरी पैड पर दिखाया गया है। सैनिटरी पैड पर राहुल गांधी की फोटो होने की बात सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो गई।जिससे कांग्रेस भड़क गई है। लोग इसे लेकर कांग्रेस की काफी अलोचना करने लगे। मामला ज्यादा बढ़ा तो कांग्रेस ने सैनिटरी पैड पर राहुल गांधी की फोटो को लेकर एक वीडियो जारी किया।
कांग्रेस ने शनिवार, 5 जुलाई को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा हैं. इस पोस्ट में कांग्रेस ने लिखा, “सैनिटरी पैड को लेकर झूठ बोल रही BJP सच जान लीजिए।”
BJP को बताया FAKE न्यूज फैक्ट्री
कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल से बीजेपी को घेरते हुए लिखा, ‘राहुल गांधी जी ने बिहार की महिलाओं की मदद की तो BJP बौखला उठी।इस बौखलाहट में BJP ने अपनी FAKE न्यूज फैक्ट्री से लोगों को गुमराह किया और प्रदेश की बहन-बेटियों का अपमान किया। बिहार की महिलाएं इस अपमान को नहीं भूलेंगी और इन्हें करारा जवाब देंगी।’
राहुल गांधी की सेनेटरी पैड पर तस्वीर वाले वीडियो को फर्जी बताया
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने राहुल गांधी की सेनेटरी पैड पर तस्वीर वाले वीडियो को फर्जी बताया है। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा और उनके लोग एक फेक वीडियो चला रहे हैं। इसमें राहुल गांधी की फोटो एक सैनेटरी पैड पर लगी हुई है। इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भाजपा नफरत में इतना गिर गई है कि वह बहन-बेटियों को भी नहीं बख्श रही है।