कोलकाता दुष्कर्म कांड: 11 दिन बाद खुला साउथ कलकत्ता ला कॉलेज, डिजिटल साक्ष्य में मनोजित के कुकर्मों की पुष्टि

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। कोलकाता : साउथ कलकत्ता ला कॉलेज में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के 11 दिन बाद सोमवार को कॉलेज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच फिर से खुल गया। इस बीच जांच में डिजिटल साक्ष्य मुख्य आरोपी मनोजित मिश्रा की संलिप्तता को पुख्ता कर रहे हैं। मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड जैसे सबूतों ने आरोपी को घेर लिया है, जबकि कॉलेज प्रशासन ने नए सुरक्षा नियम लागू किए हैं।

कोलकाता के साउथ कलकत्ता ला कॉलेज में 25 जून को हुई छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। डिजिटल साक्ष्यों ने मुख्य आरोपी मनोजित मिश्रा को प्रभावी रूप से जाल में फंसा लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मनोजित के मोबाइल फोन की लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड से पुष्टि हुई है कि घटना की रात वह कॉलेज परिसर में ही था। पीड़िता की मोबाइल लोकेशन भी उसी स्थान पर थी। इसके अलावा, कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज और एक अन्य आरोपी जैब अहमद के इनहेलर खरीदने के दौरान दवा दुकान की सीसीटीवी फुटेज व ऑनलाइन भुगतान के सबूत भी जांच का हिस्सा बने हैं। डिजिटल साक्ष्यों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए साइबर विशेषज्ञ बिभास चटर्जी को विशेष सरकारी अभियोजक नियुक्त किया गया है।

सुरक्षा गार्ड को धमकी का खुलासा
घटना के दिन पीड़िता को गार्ड रूम ले जाते समय उसकी चीख सुनकर सुरक्षा गार्ड पिनाकी बनर्जी मौके पर पहुंचा था। आरोपियों ने उसे गोली मारने की धमकी दी थी। इससे सवाल उठता है कि क्या आरोपियों के पास उस समय हथियार था? पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

उप-प्राचार्य की मौजूदगी पर संदेह
घटना की शाम कॉलेज की उप-प्राचार्य नयना चटर्जी की उपस्थिति पुस्तिका में दर्ज प्रविष्टि ने जांच अधिकारियों को हैरान किया है। रजिस्टर के अनुसार, उनका प्रवेश और निकास समय सुबह 9:50 बजे या रात 9:50 बजे दर्ज है। इससे संदेह है कि क्या वह अपराध के समय (शाम 7:30 से रात 10:00 बजे) कॉलेज में थीं। दूसरी संभावना कि उन्होंने सुबह प्रवेश दर्ज कर तुरंत निकास अंकित किया, असंभव प्रतीत होती है। पुलिस इस अस्पष्टता की जांच कर रही है। नयना चटर्जी ने मीडिया से दूरी बना रखी है।

कॉलेज में नए सुरक्षा नियम
11 दिन बाद कॉलेज के दोबारा खुलने पर छात्रों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। प्रशासन ने नई अधिसूचना जारी कर कहा कि अब कोई छात्र दोपहर 2 बजे के बाद परिसर में नहीं रुकेगा। शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारी तब तक कॉलेज नहीं छोड़ेंगे, जब तक आखिरी छात्र बाहर न निकल जाए। पहले कॉलेज शाम 4 बजे तक खुला रहता था। बाहरी लोगों के प्रवेश को भी नियंत्रित किया जाएगा।

Share This Article