जिले में राजस्व संबंधित कार्यों को लेकर शनिवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व संग्रहण, दाखिल-खारिज, भूमि दस्तावेजों के परिशोधन, नीलाम वादों सहित अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त ने आंतरिक संसाधनों जैसे उत्पाद, खनन, परिवहन और विद्युत विभाग से प्राप्त लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।
नीलाम पत्र वादों के निष्पादन पर जोर:
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला और अनुमंडल स्तर के अधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को बैंक प्रतिनिधियों से समन्वय कर लंबित नीलाम वादों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
दाखिल-खारिज और सेवा का अधिकार अधिनियम का अनुपालन:
सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, न्यायालयीन मामलों में सभी अंचलों को कॉज लिस्ट नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
परिशोधन पोर्टल के कार्यों की समीक्षा:
उपायुक्त ने परिशोधन पोर्टल के माध्यम से भूमि संबंधित दस्तावेजों में सुधार हेतु प्राप्त आवेदनों की प्रगति जानी और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।
उपस्थित पदाधिकारी:
बैठक में अपर समाहर्ता कुमारी गीतांजलि, अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता दीप्ति प्रियंका कुजूर, जिला परिवहन पदाधिकारी मनीषा वत्स सहित सभी अंचलाधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।