झारखंड में आज भी भारी बारिश का अनुमान : रांची और आसपास के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जमशेदपुर में भी बरसेंगे बादल

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड में सक्रिय मानसून और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण आज 16 जुलाई को भी रांची और इसके आसपास के जिलों में भारी बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो और गुमला सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की भी आशंका है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। दिन भर आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

जमशेदपुर में भी आज दिन भर आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है। शहर में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

विभाग ने निचले इलाकों में जलजमाव, शहरी क्षेत्रों में यातायात बाधित होने और कच्चे घरों व पुरानी इमारतों को नुकसान पहुंचने की चेतावनी दी है। लोगों को वज्रपात से बचने के लिए खुले स्थानों पर न रहने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

Share This Article