स्वच्छता का ताज जमशेदपुर के सिर, राष्ट्रपति के हाथों मिला ‘स्वच्छ शहर’ का सम्मान: 5-स्टार रेटिंग भी हासिल!

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण में 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान की गई। इस अवसर पर झारखंड के प्रधान सचिव-नगर विकास व आवास विभाग सुनील कुमार, निदेशक-सुडा सूरज कुमार और अपर नगर आयुक्त-जेएनएसी कृष्ण कुमार ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।

जमशेदपुर को स्वच्छता में तीसरे स्थान के साथ-साथ 5 स्टार रेटिंग भी मिली है, जो शहर की उत्कृष्ट स्वच्छता व्यवस्था को दर्शाता है। गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के पुरस्कारों के लिए झारखंड से जमशेदपुर को नामित किया गया था। यह पुरस्कार आवास व शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा आयोजित एक समारोह में प्रदान किया गया।

उपायुक्त ने दी बधाई, नागरिकों से सहयोग की अपील
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने इस शानदार उपलब्धि पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे जिले के लिए एक गर्व का क्षण है। उन्होंने इस सम्मान को शहरवासियों की जागरूकता, निगम कर्मियों की निरंतर मेहनत और प्रशासनिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने सभी सफाई कर्मियों, जागरूक शहर वासियों और नगरीय निकाय प्रशासन को बधाई व शुभकामनाएं दी। उपायुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि वे इसी तरह मिलकर स्वच्छता को अपनी आदत और संस्कृति बनाए रखें और शहर को साफ-स्वच्छ रखने में अपना सहयोग जारी रखें।

Share This Article