जमशेदपुर में नदियां उफान पर: खरकई और स्वर्णरेखा खतरे के निशान से ऊपर, प्रशासन अलर्ट पर

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले से बहने वाली प्रमुख नदियां खरकई और स्वर्णरेखा, खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
खरकई नदी का जलस्तर 3.5 मीटर और स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 0.20 मीटर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी संबंधित नगरीय निकायों और प्रखंड प्रशासन को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जलजमाव संभावित इलाकों की लगातार निगरानी करने के लिए कहा है। इसके साथ ही, राहत और बचाव कार्य से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियों को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों को सतर्क किया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जा रही है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) स्थिति पर लगातार पैनी नज़र बनाए हुए है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर रहें और किसी भी कीमत पर नदी के किनारों पर न जाएं।
प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया जा सकता है।

Share This Article