Bihar:बिहार में चुनाव से पहले चली तबादला “एक्सप्रेस”, एक साथ 55 डीएसपी का तबादला

Neelam
By Neelam
3 Min Read

में सितंबर-अक्टूबर के महीने में चुनाव होने हैं। हालांकि, अभी तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। इसके पहले राज्य पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार के गृह विभाग ने एक साथ 55 डीएसपी रैंक के अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस बाबत आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।

राजधानी पटना के भी कई अधिकारी इधर-उधर

गृह विभाग ने शुक्रवार को 55 डीएसपी रैंक के अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग की अधिसूचना जारी की है। इस लिस्ट में राजधानी पटना के भी कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं। पटना ट्रैफिक डीएसपी आलोक कुमार सिंह को अब अपराध अनुसंधान विभाग में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर तैनात किया गया है।

मनोज कुमार बने गया के नए डीएसपी

इसके अलावा, पुलिस मुख्यालय में तैनात डीएसपी मनोज कुमार को गया का नया डीएसपी नियुक्त किया गया है। वहीं सुधीर कुमार, जो पहले पटना पुलिस मुख्यालय में तैनात थे, अब पटना ट्रैफिक डीएसपी की जिम्मेदारी संभालेंगे। सूत्रों के अनुसार यह तबादला कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक दक्षता और कार्यप्रणाली में सुधार लाने की मंशा से किया गया है।

भास्कर रंजन का तबादला पटना रेल डीएसपी के तौर पर

बेगूसराय सदर-2 के डीएसपी भास्कर रंजन पिछले तीन वर्षों से जिले में सेवा दे रहे थे उनको अब पटना रेल डीएसपी पद पर स्थानांतरित किया गया है। बेगूसराय में उन्हें मटिहानी, रिफाइनरी, चकिया और बरौनी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने छह से अधिक हत्या मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया। नियमानुसार तीन साल का कार्यकाल पूरा हो जाने के बाद उनका ट्रांसफर किया गया है।

आलोक कुमार सिंह सीआईडी के एएसपी

उपेन्द्र कुमार यादव को बीसैप-1 पटना में नई जिम्मेदारी मिली है। मोहम्मद तनवीर अहमद आतंकवाद निरोधक दस्ता में काम करेंगे। मोहम्मज अनवर जावेद अंसारी को एसडीआरएफ में भेजा गया है। उमेश्वर चौधरी जमालपुर रेल में अपनी सेवा देंगे। वहीं आलोक कुमार सिंह अब सीआईडी के एएसपी होंगे।

सुनील कुमार को मोतिहारी का डीएसपी मुख्यालय बनाया गया है। अशोक कुमार मुजफ्फरपुर में यह जिम्मेदारी संभालेंगे। ज्योति कश्यप को भागलपुर भेजा गया है। रविन्द्र मोहन प्रसाद बेतिया के डीएसपी मुख्यालय होंगे। मनीषा बेबी को औरंगाबाद और निखिल कुमार को बेगूसराय का डीएसपी मुख्यालय बनाया गया है। आदित्य कुमार बांका में और नीशु मल्लिक नवादा में यह पद संभालेंगे। धीरज कुमार को शेखपुरा का नया डीएसपी मुख्यालय बनाया गया है।

बढ़ते क्राइम रेट के बीच तबादला

गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द नए स्थान पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। हाल के महीनों में राज्य में अपराध और यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में इन तबादलों को सरकार की तरफ से सक्रिय कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

Share This Article