विधानसभा चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप जारी है। इस बीच विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने बदला लेने की बात कही है। मुकेश सहनी ने बीजेपी से बदला लेने का ऐलान किया है। मुकेश सहनी ने कहा है कि हमारे विधायक तोड़ दिए और हमारी बनाई सरकार से हमें बाहर कर दिया। मैंने वादा किया है कि हमारे पास पहले के 4 की बजाय 40 विधायक होंगे और अब हम उनके विधायकों को तोड़कर सरकार बनाएंगे।

सहनी बोले- भाजपा से मैं बदला जरूर लूंगा
सहनी फूलन देवी के शहादत दिवस पर वीआईपी द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी शामिल हुए। इस दौरान मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा से मैं बदला जरूर लूंगा। हमलोग वर्षों से गुलाम थे। कभी बिहार में हमलोगों का वजूद नहीं था। हमलोग राज्य में मेहनत करके सरकार में आए, जनता के लिए काम किया। हमारे पास चार विधायक थे और हम जनसेवा कर रहे थे। ऐसे में भाजपा ने हमारे चार विधायकों तोड़ लिए और हमें सरकार से बाहर कर दिया। विधायकों को खरीदना लोकतंत्र में सही नहीं है।
बीजेपी गरीब मछुआरे के बेटे को राजनीति में नहीं देखना चाहती-सहनी
सहनी ने कहा कि भाजपा एक गरीब मछुआरे के बेटे को राजनीति में नहीं देखना चाहती थी, इसलिए उन्हें रोकने की कोशिश की गई। भाजपा वालों को यह बर्दाश्त नहीं हुआ कि एक गरीब मछुआरे का बेटा राजनीति में आया। हमने सरकार बनाने में सहयोग किया, लेकिन बाद में हमें ही बाहर कर दिया गया। सरकार हमारे समर्थन के बिना नहीं बन पाती।
हम भी इनके विधायक तोड़कर सरकार बनाएंगे-सहनी
मुकेश सहनी ने आगे कहा कि हमने संकल्प लिया है कि इस बार चार नहीं, 40 विधायक बनाएंगे और जैसे इन्होंने हमारे विधायक तोड़े, वैसे ही हम भी इनके विधायक तोड़कर सरकार बनाएंगे। हमारा नारा है कि सरकार बनाओ, अधिकार बनो। हम बिहार में भी और दिल्ली में भी संविधान के साथ रहकर जनता के हक के लिए काम करेंगे।