जल प्रलय से जूझ रहा जमशेदपुर: निचले इलाकों में जलजमाव, NDRF और प्रशासन मिलकर कर रहे बचाव

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :भारी वर्षा के कारण खरकई व स्वर्णरेखा नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण निचले व तटीय इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसके मद्देनजर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। बागबेड़ा नया बस्ती क्षेत्र में जलजमाव से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए NDRF की टीम लगातार एक्टिव मोड में है, स्थानीय प्रशासन के सहयोग से लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है।

सभी प्रखंड प्रशासन द्वारा भी भारी बारिश से हुए जनमाल के नुकसान का आकलन तथा राहत बचाव कार्य किया जा रहा है। पटमदा प्रखंड के पटमदा गांव में एक असहाय व विधवा महिला का घर वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हो जाने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अंचल अधिकारी, पटमदा द्वारा मौके पर पहुंचकर प्रभावित महिला को तिरपाल उपलब्ध कराया गया।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर नगर निकाय व प्रखंड प्रशासन के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता मिले व जनहानि न हो। आम नागरिकों से अपील की जा रही है कि प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, नदी किनारे की ओर नहीं जाएं जिससे कोई जनहानि हो, सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर शरण लें। सजग रहें, सुरक्षित रहें।

Share This Article