सिंहभूम चैंबर का प्लेटिनम जुबिली समारोह: राज्यपाल ने की ‘औद्योगिक इतिहास की आत्मा’ की प्रशंसा, जमशेदपुर को दी बधाई

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) के प्लेटिनम जुबिली समारोह में शिरकत की और संस्था को 75 साल पूरे होने पर हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर राज्यपाल ने SCCI को ‘झारखंड के औद्योगिक इतिहास की आत्मा’ बताया, जिसने दशकों से राज्य को नई दिशा दी है। उन्होंने संस्था के संस्थापकों के दूरदर्शिता, कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता की सराहना की। जमशेदपुर को एक आदर्श सामाजिक-औद्योगिक मॉडल बताते हुए, उन्होंने टाटा समूह की दूरदृष्टि को सराहा, जिसने शहर को उद्योग के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और कौशल विकास में भी अग्रणी बनाया है। उन्होंने स्वच्छता रैंकिंग में देश में तीसरा स्थान हासिल करने के लिए जमशेदपुर के नागरिकों को भी बधाई दी।

राज्यपाल ने भारत के आर्थिक विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में $5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों का उल्लेख किया और कहा कि झारखंड के चैंबर इन पहलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों, श्रमशक्ति और युवा शक्ति से समृद्ध है, और उद्योग, नीति और कौशल के समन्वय से यह राज्य देश की आर्थिक रीढ़ बन सकता है।

राज्यपाल ने चैंबर से सामाजिक विकास, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और स्थानीय युवाओं को रोजगार प्रदान करने जैसे क्षेत्रों में सक्रिय रूप से शामिल होने का आह्वान किया ताकि समावेशी विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विशेष रूप से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड की स्थिति पर चिंता व्यक्त की, जहां राज्य राष्ट्रीय स्तर पर काफी पीछे है। उन्होंने उद्योग को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में चैंबर की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर चैंबर के सदस्यों ने भी राज्यपाल के साथ अपने विचार साझा किए।

Share This Article