सदर अस्पताल में निःशुल्क हुआ जटिल गर्भाशय ऑपरेशन, महिला की हालत सामान्य

KK Sagar
2 Min Read


सदर अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं का स्तर लगातार बेहतर होता जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को 45 वर्षीय महिला विंध्यवासिनी देवी का हिस्टेरेक्टोमी (गांठ सहित गर्भाशय निकालने) का ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

जानकारी के अनुसार मोतीनगर, कार्मिक नगर निवासी विंध्यवासिनी देवी के गर्भाशय में एक गांठ बन गई थी, जो धीरे-धीरे बड़ी होती जा रही थी। इसके कारण उन्हें मासिक धर्म के दौरान अत्यधिक रक्तश्राव की समस्या थी, जिससे उनके शरीर में खून की कमी हो गई थी।

समस्या गंभीर होती देख महिला ने सदर अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ और उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार से संपर्क किया। डॉ. संजीव ने परीक्षण के बाद ऑपरेशन की सलाह दी और भरोसा दिलाया कि यह ऑपरेशन सदर अस्पताल में सुरक्षित रूप से किया जा सकता है।

रक्त की कमी दूर करने के बाद ऑपरेशन किया गया, जिसमें डॉ. संजीव कुमार को निश्चेतक डॉ. स्वेता गुंजन, सहायक मधुसूदन मरांडी और रेखा महतो का सहयोग मिला। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा।

डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के सतत प्रयासों से सदर अस्पताल अब पहले से कहीं अधिक उन्नत हो गया है। अस्पताल में अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं, जिससे इलाज की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन औसतन 650 से अधिक मरीज विभिन्न क्षेत्रों से सदर अस्पताल में इलाज के लिए आते हैं।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....