बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने शुक्रवार सुबह जहानाबाद में तैनात डीएसपी संजीव कुमार के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के एक गंभीर मामले से जुड़ी है, जिसमें उन पर 1.52 करोड़ से ज्यादा की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।

एक करोड़ 52 लाख से ज्यादा की संपत्ति जुटाई
बिहार की स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जहानाबाद जिले में पदस्थापित डीएसपी संजीव कुमार के पटना, खगड़िया और जहानाबाद स्थित आवासों व अन्य ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। बताया जा रहा है कि यह पूरा अभियान खुद डीएसपी रैंक के अधिकारी की निगरानी में हो रहा है। स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने संजीव कुमार के खिलाफ अपने ही थाने में केस दर्ज किया है। आरोप है कि डीएसपी ने एक करोड़ 52 लाख रुपये से ज्यादा की अवैध संपत्ति जुटाई है, जो उनकी ज्ञात आय से कहीं अधिक है।
संपत्ति से जुड़े कागजात मिलने की उम्मीद
छापेमारी के दौरान टीम को कई अहम दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े कागजात मिलने की उम्मीद है। विजिलेंस यूनिट को उम्मीद है कि इस छापेमारी के दौरान उन्हें बैंक खातों से जुड़ी जानकारी और संपत्ति से संबंधित कागजात मिल सकते हैं, जो डीएसपी संजीव कुमार की अवैध कमाई को साबित करने में मददगार होंगे।