डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र में 12 साल की नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में आदर्श नगर, सोनारी निवासी अशोक कुमार उपाध्याय के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि यह घटना 27 जुलाई की है, जब घर के सभी लोग बाहर गए थे। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी अशोक कुमार उपाध्याय घर में घुस आया और उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपी ने नाबालिग को धमकी दी थी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। डर के कारण लड़की ने कुछ दिनों तक किसी को कुछ नहीं बताया। हालांकि, बाद में उसने हिम्मत करके परिजनों को सारी बात बताई। इसके बाद परिवार ने तुरंत सोनारी थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल जांच कराया है और अब जल्द ही उसका बयान अदालत में दर्ज कराया जाएगा। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

