मानगो के डिमना बस्ती में अवैध धंधों के खिलाफ प्रदर्शन, ग्रामीणों ने घेरा थाना

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: मानगो के डिमना बस्ती में चल रहे अवैध गतिविधियों के विरोध में स्थानीय लोगों ने ओलीडीह थाना पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि इन धंधों को तुरंत बंद किया जाए और इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह ने किया।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से महिलाएं शामिल थीं, जिन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में डेली लॉटरी और अवैध शराब की भट्टियां बेरोकटोक चल रही हैं। उन्होंने बताया कि इन अवैध धंधों के कारण क्षेत्र के युवा नशे की गिरफ्त में आकर बर्बाद हो रहे हैं, और कई लोग नशे की लत में अपना घर का सामान तक बेच रहे हैं। उनका कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ये अवैध धंधे बंद नहीं हुए, तो वे खुद इन्हें बंद करवा देंगी और शराब की भट्टियों को तोड़ देंगी।

विकास सिंह ने कहा कि नशे की बढ़ती समस्या की वजह से इलाके में चोरी, छिनतई और आत्महत्या जैसी आपराधिक घटनाएं भी बढ़ गई हैं। इसके जवाब में, ओलीडीह थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि सभी अवैध धंधों को हर हाल में बंद कराया जाएगा। प्रदर्शन में दुर्गा दत्ता, तुलसी कुंभकार, बासमती लोहार, माया देवी, रूबी देवी, चंदा देवी, काजल देवी सहित कई स्थानीय लोग और महिलाएं मौजूद थीं।

Share This Article