डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने रेलवे हाई स्कूल के पास गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देसी पिस्तौल और एक मैगज़ीन बरामद हुई है। इस दौरान उनके दो साथी मौके से भागने में कामयाब रहे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बागबेड़ा के गांधी नगर निवासी बादशाह खान और ग्वाला बस्ती के विष्णु सिंह के रूप में हुई है। इन दोनों के खिलाफ बागबेड़ा थाने में अवैध हथियार रखने की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने अपने फरार साथियों का नाम पंकज उर्फ गोलू और पोषो बच्चा बताया है, जो बागबेड़ा के रामनगर के रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस को इनके खिलाफ क्षेत्र में लगातार उत्पात मचाने की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फरार अपराधियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।