डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। कंपनी ने वर्ष 2024-25 के लिए बोनस समझौते पर सहमति जता दी है। इस समझौते के तहत, कर्मचारियों को औसत 50,160 रुपए और अधिकतम 75,223 रुपए का बोनस दिया जाएगा। इस बार का बोनस प्रतिशत 12.3% है, जो पिछले साल के 10.6% से काफी अधिक है।
इस समझौते से प्लांट के लगभग 7,000 स्थायी और 1,300 अस्थायी कर्मचारियों को फायदा होगा। बोनस की यह राशि अगले महीने कर्मचारियों को उनके वेतन के साथ मिलेगी।
बोनस और वित्तीय लाभ:
- कर्मचारियों को औसतन ₹50,160 और अधिकतम ₹75,223 का बोनस मिलेगा।
- सुपरएनुवेशन स्कीम में शामिल करीब 200 स्थायी कर्मचारियों को ₹15,048 मिलेंगे।
रोजगार और ट्रेनिंग:
- इस बार कुल 375 अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी किया जाएगा। इसमें से 225 कर्मचारियों को पहले से तय समझौते के तहत स्थायी करना था, जबकि यूनियन के प्रयासों से 150 अतिरिक्त कर्मचारियों को भी स्थायी किया जा रहा है।
- 148 कर्मचारी पुत्र, जिन्होंने पहले फुल-टर्म अप्रेंटिस और टीएमएसटी कोर्स किए थे, उन्हें अस्थायी कर्मचारी के तौर पर रखा जाएगा और उन्हें तीन साल का डिप्लोमा कोर्स भी कराया जाएगा। यह कोर्स पूरा होने के बाद उनका स्थायीकरण किया जाएगा।
यह समझौता कंपनी प्रबंधन और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के बीच हुआ। समझौते पर प्रबंधन की तरफ से वीपी विशाल बादशाह, सीएचआरओ सीताराम कांडी, प्लांट हेड सुनील कुमार तिवारी और यूनियन की तरफ से अध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद व महामंत्री आरके सिंह ने हस्ताक्षर किए।