धनबाद – 25% काम, 100% भुगतान! : जनता दरबार में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में गड़बड़ी का लगाया आरोप

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद। उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में जिले के सोनारडीह, एगारकुंड, बस्ताकोला, गोविंदपुर, बलियापुर, निरसा समेत कई इलाकों से आए लोगों ने अपनी फरियाद रखी।

सोनारडीह के ग्रामीणों की शिकायत

सोनारडीह से आए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत आदर्श कॉलोनी से तिवारीडीह तक बनने वाली 1.6 किलोमीटर सड़क का महज 20 से 25 प्रतिशत ही काम किया गया है। अधूरा कार्य होने के बावजूद पूरी योजना राशि की निकासी कर ली गई। ग्रामीणों ने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

उपायुक्त का त्वरित निर्देश

शिकायत पर गंभीरता दिखाते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने उप विकास आयुक्त को तत्काल विस्तृत जांच का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

अन्य मुद्दों की गूंज

जनता दरबार में घनी आबादी के बीच विस्फोटक कारखाना स्थापित करने, जबरन भूमि पर कार्य रोकने, फर्जी दस्तावेज के जरिए जमीन बिक्री, भूमि अधिग्रहण के बाद मुआवजा न मिलने, गांव में सड़क निर्माण, गंभीर रोग से पीड़ित व्यक्ति के इलाज के लिए आर्थिक सहायता जैसी समस्याओं पर भी लोगों ने आवेदन दिया।

समाधान का आश्वासन

उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

जनता दरबार के दौरान जन शिकायत कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी नियाज अहमद भी मौजूद रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....